मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग बंद: उरला तालगहर में पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से यातायात ठप
मंडी/31/08/2025
मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर आज सुबह उरला तालगहर के पास एक बार फिर पहाड़ी से लगातार मलबा और भारी पत्थर गिरने के चलते यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। लगातार गिरते मलबे के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी हुई है, लेकिन ताजा हालात को देखते हुए मार्ग को पूरी तरह से साफ करने में कम से कम 3 से 4 घंटे का समय लग सकता है। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के कारण पहाड़ियों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे हाईवे पर यातायात व्यवस्था बार-बार प्रभावित हो रही है।
प्रशासन ने लोगों से यात्रा टालने या वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। इसके साथ ही मार्ग के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों तक मौसम अस्थिर रहने की चेतावनी दी है, ऐसे में स्थिति और गंभीर हो सकती है।