मंडी में बड़ा सड़क हादसा टला: निजी बस खेतों में पलटी, यात्रियों में दहशत लेकिन सभी सुरक्षित
मंडी/19/11/2025
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मंडी से धर्मपुर के बीच नियमित रूप से चलने वाली ठाकुर कोच की एक निजी बस अचानक दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा बरोटी से लगभग एक किलोमीटर पहले मलौन के पास हुआ, जहां बस सड़क से फिसलकर नीचे खेतों में पलट गई।
घटना करीब सुबह नौ बजे की है जब बस सामान्य रूट पर मंडी से धर्मपुर की ओर जा रही थी। अचानक मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ने से वाहन सड़क किनारे ढलान की तरफ लुड़क गया और खेतों में पलट गया। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि, बड़ी राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। कुछ लोगों को मामूली खरोंचें आईं, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
इधर, सूचना मिलते ही धर्मपुर थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना संबंधी जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि संकरी सड़क और मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ना हादसे का संभावित कारण हो सकता है।
फिलहाल, बस को बाहर निकालने का कार्य जारी है और पुलिस पूरी घटना की विस्तृत जांच कर रही है। हादसे के बावजूद किसी बड़ी अनहोनी से बच जाने पर यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।