NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी में ‘रघुनाथ का पधर’ बनेगा नया इंडोर स्टेडियम — सरकार ने 12 बीघा भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी, 20 करोड़ तक मिलेंगे फंड

मंडी/18/11/2025

stediuam

मंडी। लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंडी शहर के इंडोर स्टेडियम प्रोजेक्ट को लेकर आखिरकार सरकार ने बड़ा फैसला ले लिया है। खेलो इंडिया के तहत प्रस्तावित यह स्टेडियम अब रघुनाथ का पधर क्षेत्र में ही बनाया जाएगा। प्रदेश सरकार ने यहां स्थित 12 बीघा निजी भूमि को ₹1 करोड़ 45 लाख में अधिग्रहित करने की औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इससे मंडी में आधुनिक खेल सुविधाओं के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठ चुका है।

मंडी सदर के भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की फाइल सभी आवश्यक प्रक्रियाओं से गुजरकर अब खेल विभाग तक पहुंच गई है। वित्त सचिव के पास प्रस्ताव पहुंचते ही सरकार राशि जारी कर देगी, जिसके बाद भूमि पर खेल विभाग का अधिकार स्थापित हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र से मिलने वाली धनराशि भी इसी बीच आ जाएगी और इसके बाद स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

अनिल शर्मा ने पड्डल मैदान को लेकर हुए विवाद पर भी स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने बताया कि पहले स्टेडियम को पड्डल में प्रस्तावित इसलिए किया गया था क्योंकि वहां जमीन उपलब्ध थी और डीपीआर भी इसी उपलब्धता के आधार पर तैयार की गई थी। उनका कहना है कि पड्डल में कोई बड़ा ढांचा खड़ा करने की उनकी निजी मंशा नहीं थी; अब जबकि रघुनाथ का पधर में भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है, प्रोजेक्ट को वहीं शिफ्ट कर दिया गया है। इस जमीन पर पहले स्वास्थ्य विभाग का कब्जा था, जिसे अब खेल विभाग करीब ₹1.45 करोड़ में अधिग्रहित कर रहा है।

भाजपा विधायक ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि स्टेडियम की डीपीआर को शीघ्रता से केंद्र सरकार के पास भेजा जाए। उनके अनुसार, केंद्र के खेलो इंडिया प्रोजेक्ट के तहत इस इंडोर स्टेडियम के लिए ₹18 से ₹20 करोड़ की राशि मंजूर होनी है। लेकिन डीपीआर फाइल लंबे समय से राज्य स्तर पर ही अटकी हुई थी, जिसे अब काफी प्रयासों के बाद खेल सचिव तक पहुंचाया गया है। सीएम से भी अनुरोध किया गया है कि फाइल जल्द केंद्र को भेजी जाए ताकि धनराशि मंजूर हो सके और प्रोजेक्ट समय पर शुरू हो पाए।

रघुनाथ का पधर में भूमि अधिग्रहण की मंजूरी मिलना मंडी शहर के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है, क्योंकि इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक इंडोर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।

Scroll to Top