NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी तेजाब कांड में नए खुलासे — आरोपी पति ने तीन साल पहले खरीदा था एसिड, गंभीर हालत में PGI में जूझ रही ममता

मंडी/17/11/2025

acidd

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले को हिला देने वाले तेजाब हमले के मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। सैण मोहल्ले में शुक्रवार 14 नवंबर की शाम हुई इस वारदात में आरोपी पति नंद लाल ने अपनी पत्नी ममता पर पूरा जग तेजाब उड़ेल दिया था और उसके बाद उसे मकान की छत से धक्का देने की भी कोशिश की। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस जांच में पता चला है कि नंद लाल ने यह तेजाब कोई हाल में नहीं, बल्कि तीन साल पहले ही खरीद कर घर में छिपा रखा था। बर्तन साफ करने के बहाने लाया गया यह तेजाब आरोपी ने घटना वाले दिन पानी के जग में भरकर अपनी पत्नी पर फेंक दिया। तेजाब से ममता का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है, जबकि छाती, कमर और पैरों पर भी गंभीर जलन हुई है। मंडी अस्पताल से बिलासपुर AIIMS रेफर करने के बाद उसे चंडीगढ़ PGI भेजा गया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश में जुटे हैं।

पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज किया है। रविवार को अदालत ने नंद लाल को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में भी लंबित था। दोनों के दो बच्चे—एक बेटा और एक बेटी—हैं, जो इस घटना के बाद से सदमे में हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नंद लाल मंडी के जोनल अस्पताल के पास चाय की दुकान चलाता था और इसी क्षेत्र में उसने एक मकान खरीदा हुआ था। घटना से कुछ दिन पहले ममता ने अपनी फेसबुक आईडी पर अपने कमरे का एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें पति के साथ उसका विवाद और कमरे में मौजूद दो अन्य व्यक्तियों को देखकर उसका तनाव साफ झलक रहा था।

यह पूरा मामला प्रदेश में घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि तेजाब घर में इतने साल तक कैसे छिपाए रखा गया और क्या आरोपी पहले से ही हमले की योजना बना रहा था।

Scroll to Top