मणिमहेश यात्रा को प्रसाद योजना में शामिल करेगी हिमाचल सरकार: CM सुक्खू
शिमला/26/08/2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पवित्र मणिमहेश यात्रा को केंद्र सरकार की प्रसाद योजना (PRASAD Scheme) में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पर्यटन विभाग की ओर से 6 जून 2025 को यह प्रस्ताव तैयार किया गया था और अब इसे आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि बरसात के मौसम में मणिमहेश यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। रास्ते अवरुद्ध हो जाते हैं और मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए उपायुक्त को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को पानी, वर्षाशालिकाओं और अन्य सुविधाओं की कमी न झेलनी पड़े।
इससे पहले भाजपा विधायक जनक राज ने नियम 62 के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए वर्षाशालिकाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा मार्ग कई जगह अवरुद्ध हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। जनक राज ने यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग की मांग भी उठाई और बताया कि यह मुद्दा केंद्रीय मंत्री के समक्ष पहले भी रखा गया था। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया था कि यदि प्रदेश सरकार अनुशंसा कर प्रस्ताव भेजे तो यात्रा को प्रसाद योजना में शामिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधायक की मांगों का समर्थन करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा प्रदेश की आस्था और पर्यटन दोनों से जुड़ी है, इसलिए श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जल्द ही इस यात्रा को प्रसाद योजना में शामिल करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया जाएगा।