NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मणिमहेश यात्रा स्थगित: चंबा में 3269 श्रद्धालु रेस्क्यू, 6 एयरलिफ्ट घायल

चंबा/28/08/2025

manimahesh

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश और भूस्खलन से मणिमहेश यात्रा पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु भरमौर, हड़सर और मणिमहेश के रास्तों में फंसे हुए हैं। प्रशासन ने यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है और एनडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर अब तक 3,269 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला है। इनमें 1,730 पुरुष, 1,259 महिलाएं और 280 बच्चे शामिल हैं।

नेटवर्क और बिजली ठप, अफरातफरी का माहौल पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण चंबा जिले में संचार व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। अधिकांश मोबाइल नेटवर्क बंद हैं, केवल कुछ जगहों पर एयरटेल का सिग्नल आंशिक रूप से बहाल हुआ है। बिजली आपूर्ति भी बाधित है। गुरुवार को चंबा के साहू क्षेत्र में नेटवर्क कुछ समय के लिए बहाल हुआ, लेकिन वह भी बार-बार गायब हो रहा है। जियो की तकनीकी टीम कांगड़ा से चंबा पहुंच रही है और केबल मरम्मत का काम जारी है।

धन्छो में बना अस्थायी रास्ता, श्रद्धालु सुरक्षित निकाले एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन ने धन्छो क्षेत्र में रस्सियों और पर्वतारोहण उपकरणों की मदद से अस्थायी फुटब्रिज तैयार कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। कठिन हालात के बावजूद टीम ने हजारों यात्रियों को हड़सर (चंबा) की ओर सुरक्षित पहुंचाया।

छह श्रद्धालु घायल, एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा गया भरमौर से ऊपर दोनाली के पास भूस्खलन के दौरान पत्थर गिरने से छह श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें दो की टांगें टूट गईं, जबकि अन्य को गंभीर चोटें आईं। सभी को पहले भरमौर अस्पताल ले जाया गया और फिर चंबा मेडिकल कॉलेज में एयरलिफ्ट किया गया। घायलों में धर्मजीत सिंह (हमीरपुर) और अमृत कुमार (अमृतसर) शामिल हैं।

गांव रावी नदी में समा गए, सड़कें बंद भरमौर के सलून गांव में भूमि कटाव से करीब नौ घर रावी नदी में गिर गए, जिससे पूरा गांव तबाही के कगार पर है। कई स्थानों पर सड़कें टूट चुकी हैं, सुंदरासी सहित दर्जनों इलाकों में भूस्खलन के कारण रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं। चंबा–भरमौर मार्ग बहाल करने में कम से कम 4–5 दिन का समय लग सकता है।

हवाई सेवाएं भी बाधित मणिमहेश के लिए चल रही हवाई सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। कंपनियों ने अपने हेलीकॉप्टर वापस भेज दिए हैं और केवल एक हेलीकॉप्टर ही फिलहाल तैनात है।

विधायक की सरकार से अपील भरमौर से भाजपा विधायक जनक राज ने विधानसभा सत्र के दौरान मांग की है कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए सरकार तुरंत हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करे। वहीं, कांग्रेस विधायक नीरज नैय्यर ने आश्वस्त किया है कि सभी यात्री मणिमहेश में सुरक्षित हैं और राहत कार्य लगातार जारी है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि खराब मौसम और खतरनाक हालात को देखते हुए यात्रा को आगे न बढ़ाएं और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।

Scroll to Top