टेनेसी में विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री में भयानक धमाका, 19 कर्मियों के लापता होने की आशंका
वॉशिंगटन/11/10/2025
वॉशिंगटन: अमेरिका के टेनेसी राज्य में शुक्रवार सुबह एक विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धमाका इतना भयानक था कि करीब 15 मील दूर तक इसकी कंपन महसूस की गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में फैक्ट्री पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई और 19 लोग लापता हैं, जिनके मरने की आशंका जताई जा रही है।
घटना हिकमैन काउंटी के बक्सनॉर्ट इलाके में स्थित एक्यूरेट एनर्जेटिक सिस्टम्स फैक्ट्री में हुई। यह कंपनी अमेरिकी रक्षा मंत्रालय और अन्य एजेंसियों के लिए विस्फोटक और संबंधित सामग्री का उत्पादन करती थी। धमाके के बाद धुंए और मलबे का दृश्य देखने वालों को हादसे की भीषणता का अंदाजा दे रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि धमाके के बाद फैक्ट्री का मलबा आधे मील दूर तक बिखर गया। विस्फोटक के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, और जांच में कई दिन लग सकते हैं। छोटे-छोटे विस्फोट घटना के बाद भी देर तक जारी रहे, जिससे बचाव दल को तुरंत अंदर भेजना संभव नहीं हो पाया।
हादसे के बाद बचाव टीमों ने मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी है। शेरिफ क्रिस डेविस ने चेतावनी दी कि संभावित अन्य विस्फोटों से बचने के लिए आसपास के लोग तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। अधिकारी यह भी बता रहे हैं कि शुरुआती आकलन में कई लोग घायल या मारे गए हो सकते हैं, लेकिन अधिकृत पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह विस्फोटक फैक्ट्री हादसा अमेरिकी सुरक्षा उद्योग के लिए गंभीर झटका है, क्योंकि इससे न केवल कर्मियों की जान को खतरा हुआ है, बल्कि आसपास के निवासियों और उद्योग की सुरक्षा पर भी सवाल उठते हैं।