मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: गैस टैंकर ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, 9 कबड्डी खिलाड़ी घायल, 5 की हालत गंभीर
मिर्जापुर/29/10/2025
मिर्जापुर में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां गैस सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार टैंकर ने खिलाड़ियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 महिला कबड्डी खिलाड़ियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी खिलाड़ी कानपुर मंडल से मिर्जापुर कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आई थीं।
घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के जसौवर पहाड़ी के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस टैंकर तेज गति से आ रहा था और मोड़ पर सामने आया ऑटो चालक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और टैंकर भी आगे जाकर सड़क किनारे पलट गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, पुलिस मौके पर पहुँची
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। देहात कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से जिला मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल 5 महिला खिलाड़ियों को वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने आई थीं खिलाड़ी
सभी महिला कबड्डी खिलाड़ी कानपुर मंडल की टीम की हैं। वे अपने कोच के साथ मिर्जापुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आई थीं। स्टेशन से निकलकर खिलाड़ी बरकछा स्थित बीएचयू साउथ कैंपस की ओर जा रही थीं, तभी हादसा हुआ।
पुलिस ने टैंकर कब्जे में लिया, चालक फरार
एडिशनल एसपी नितेश कुमार ने बताया:
हादसे में कुल 9 खिलाड़ी घायल हुईं
5 खिलाड़ियों की स्थिति नाजुक है
गैस टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है
टैंकर चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया, उसकी तलाश जारी है
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।