मॉनसून सत्र के अंतिम दिन भी हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट
देहरा उपचुनाव पर सीएम सुक्खू सरकार पर वोट चोरी के आरोप
शिमला। हिमाचल विधानसभा के मॉनसून सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल के दौरान सदन में जमकर हंगामा हुआ। हमीरपुर के निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा ने देहरा उपचुनाव को लेकर सरकार से सवाल पूछा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद कांगड़ा बैंक से महिला मंडलों को धनराशि कैसे जारी की गई।
सरकार ने इस पर जवाब देने के बजाय कहा कि जानकारी एकत्र की जा रही है। इस पर विधायक ने आरटीआई से मिली सूचना सदन में पेश की और सरकार पर जानबूझकर तथ्य छिपाने का आरोप लगाया।
जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन में हंगामा किया और वॉकआउट कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा—
"कांग्रेस देश में वोट चोर अभियान चला रही है लेकिन हिमाचल में देहरा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस सरकार ने वोटों की चोरी की है।
विधायक आशीष शर्मा ने आरटीआई से प्राप्त जानकारी सदन में रखी है जबकि सरकार कह रही है उनके पास सूचना नहीं है। यह लोकतांत्रिक परंपराओं और विधानसभा की प्रक्रिया का उल्लंघन है। सरकार असुविधाजनक प्रश्नों से बचने का प्रयास कर रही है।
विपक्ष का आरोप है कि उपचुनाव में, जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी प्रत्याशी थीं, वहां आचार संहिता लागू रहने के बावजूद 66 महिला मंडलों को 50-50 हजार रुपये दिए गए। इतना ही नहीं, करीब एक हजार महिलाओं के खातों में 4,500 रुपये एकमुश्त डालकर वोट खरीदने की कोशिश की गई।
विपक्ष ने इसे सीधा-सीधा भ्रष्टाचार और मतदाता प्रलोभन का मामला बताया और चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की।