सुजलॉन एनर्जी पर मोतीलाल ओसवाल का बड़ा दांव, स्टॉक 80 रुपये तक जाने की उम्मीद
नई दिल्ली/01/09/2025
नई दिल्ली: विंड एनर्जी सेक्टर की दिग्गज कंपनी सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड (Suzlon Energy Ltd) एक बार फिर निवेशकों के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस स्टॉक को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है और इसे खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज का मानना है कि सुजलॉन का स्टॉक आने वाले समय में 80 रुपये के स्तर तक जा सकता है।
ब्रोकरेज का भरोसा और कारण
मोतीलाल ओसवाल ने सुजलॉन पर भरोसा जताते हुए कहा कि कंपनी मजबूत ग्रोथ पोजीशन में है। उन्होंने 80 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो कि मौजूदा भाव से लगभग 42% की तेजी की संभावना दिखाता है। ब्रोकरेज के मुताबिक, सहायक सरकारी नीतियां, मजबूत स्थानीय सप्लाई चैन, इन-हाउस रिसर्च एंड डेवलपमेंट और विदेशी कंपनियों की तुलना में बेहतर कार्यान्वयन क्षमता सुजलॉन की मजबूती का आधार हैं।
स्टॉक में बढ़त और परफॉरमेंस
सोमवार को स्टॉक में करीब 1.50% की तेजी दर्ज की गई और यह 57.84 रुपये तक पहुंचा। हालांकि पिछले एक साल में इस स्टॉक में 22% की गिरावट देखने को मिली है, लेकिन पिछले 5 सालों में सुजलॉन ने निवेशकों को 1761% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। इसका 52-वीक हाई 86.04 रुपये और लो 46.15 रुपये रहा है।
प्रबंधन और भविष्य की रणनीति
मोतीलाल ओसवाल ने सुजलॉन के सीईओ जेपी चालसानी से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय तक कंपनी के बिजनेस को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, हाल ही में कंपनी के सीएफओ हिमांशु मोदी ने चार साल के कार्यकाल के बाद इस्तीफा दे दिया था। चालसानी का मानना है कि पवन टर्बाइन के लिए ALMM (Approved List of Models and Manufacturers) तैयार करना भारत की आयात निर्भरता घटाने का पहला कदम हो सकता है। सरकार अगर इस दिशा में और कदम उठाती है तो इससे स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और सुजलॉन जैसी कंपनियों के लिए बड़े अवसर पैदा होंगे।
वैल्यूएशन और संभावनाएं
ब्रोकरेज ने सुजलॉन एनर्जी का वैल्यूएशन वित्त वर्ष 2027 के अनुमानित प्रति शेयर लाभ के 35 गुना पर किया है, जो कि कंपनी के सामान्य औसत 27 गुना से अधिक है। इसका कारण कंपनी का लगातार सुधारता बिजनेस और बढ़ता मुनाफा है।
यह रिपोर्ट निवेशकों के लिए संकेत है कि सुजलॉन एनर्जी आने वाले समय में विंड एनर्जी सेक्टर की अग्रणी कंपनियों में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकती है।