NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ऊना में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 का शुभारंभ

14 से 16 नवम्बर तक अंब मैदान में सजेगा आस्था और संस्कृति का संगम, बब्बू मान और अमृत मान देंगे प्रस्तुति
una
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 14 नवम्बर को माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 का शुभारंभ करेंगे। यह तीन दिवसीय भव्य आयोजन 14 से 16 नवम्बर तक अंब के मेला मैदान में आयोजित होगा। समापन समारोह 16 नवम्बर को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में सम्पन्न होगा। इस संबंध में जानकारी उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने दी।

उपायुक्त ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 14 नवम्बर को शाम 4 बजे माता श्री चिंतपूर्णी जी की पावन ज्योति की शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर श्रद्धा, संस्कृति और लोक परंपराओं का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।

तीन दिवसीय इस महोत्सव में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। 14 नवम्बर को लोकप्रिय गायक बब्बू मान, जबकि 16 नवम्बर को प्रसिद्ध कलाकार अमृत मान अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। हिमाचल के विख्यात कलाकार एसी भारद्वाज, कुमार साहिल और अनुज शर्मा भी अपनी मधुर प्रस्तुतियाँ देंगे।

सांस्कृतिक संध्याओं में महिषासुर मर्दिनी नृत्य, हिमाचली नाटी ग्रुप, और फ़िरदौस बैंड जैसी प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा महोत्सव में फूलों की होली, मनोरंजन झूले, प्रदर्शनी स्टॉल और हिमाचली हस्तशिल्प प्रदर्शनियाँ भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। साथ ही, सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए
जाएंगे।

विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की प्रेरणा से इस महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह क्षेत्र की आर्थिकी, उद्यमिता और स्थानीय रोजगार को भी नए अवसर प्रदान करेगा।


उल्लेखनीय है कि यह महोत्सव का दूसरा संस्करण है। पिछले वर्ष 26 से 28 सितम्बर तक आयोजित पहला संस्करण अत्यंत सफल रहा था, जिसने आस्था और लोक-संस्कृति के समन्वय से एक प्रेरणादायक सांस्कृतिक पहल के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।
Scroll to Top