NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना के सेवानिवृत्ति पर राज्य सचिवालय में सम्मान समारोह आयोजित

शिमला/30/09/2025

permodh

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की पद से सेवानिवृत्ति के अवसर पर आज राज्य सचिवालय में सचिवालय प्रशासन विभाग द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रबोध सक्सेना ने अपने भावनात्मक संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपने गठन के उपरांत उल्लेखनीय विकास किया है और यह सब प्रदेश के लोगों, राजनीतिक नेतृत्व, अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और सहयोग से संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकारी और कर्मचारी हर परिस्थिति में, चाहे मौसम कितना भी प्रतिकूल क्यों न हो, हमेशा उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करते आए हैं। अपने सेवाकाल की स्मृतियां साझा करते हुए सक्सेना ने कहा कि हिमाचल के लोग मेहनतकश और ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेवा के दौरान उन्हें हमेशा परिवार का अहसास हुआ। उन्होंने हिमाचल और यहां के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत ने प्रबोध सक्सेना की अनुकरणीय सेवाओं की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सक्सेना ने अपने कार्यकाल में प्रदेश प्रशासन को नई दिशा दी है। इस अवसर पर सचिव, सचिवालय प्रशासन राकेश कंवर ने भी मुख्य सचिव का स्वागत किया।

इसके अलावा समारोह में सचिवालय प्रशासन से सेवानिवृत्त हो रहे अनुभाग अधिकारी उमेश, निरीक्षक मुरारी लाल और केयर टेकर रूपेंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया और उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को सराहा गया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Scroll to Top