NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

नालागढ़ में डेढ़ साल के बच्चे को चुराने की कोशिश, शोर मचने पर आरोपी फरार

नालागढ़/23/08/2025

child chief

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के तहसील रामशहर के जांडू गांव में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक डेढ़ साल के बच्चे को चुराने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे काले कपड़े से चेहरा ढके दो लोग कबाड़ खरीदने के बहाने गांव में दाखिल हुए। मौका पाकर उन्होंने एक घर में अकेले बैठे 1 साल 4 महीने के मासूम को उठाकर सफेद थैले में डालने की कोशिश की।

बच्चे के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पास से गुजर रहे स्कूल के बच्चे शोर मचाने लगे, जिससे घबराए आरोपी बच्चे को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता में हैं।

मासूम के पिता राजीव कुमार, जो पेशे से चालक हैं, ने बताया कि उनका बेटा 15 साल बाद पैदा हुआ है और यह घटना परिवार को गहरे सदमे में डाल गई है। उन्होंने कहा कि डर के कारण पहले पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी, लेकिन अब हिमाचल प्रदेश पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी गई है। परिवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और गांव में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

गांव के अन्य निवासियों का कहना है कि बच्चा चोरी की अफवाहें पहले भी सुनी गई थीं, लेकिन इस बार यह घटना प्रत्यक्ष रूप से सामने आई है। ग्रामीणों ने कबाड़ बीनने वालों और फेरीवालों पर सख्त निगरानी की जरूरत बताई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

rajjev

बद्दी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। वहीं, पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। इस घटना ने न केवल जांडू गांव बल्कि पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना दिया है, और लोग अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Scroll to Top