नरेंद्र कटारिया बने शिमला क्लब के आजीवन अध्यक्ष, लगातार 28वीं बार मिली जिम्मेदारी
शिमला/28/09/2025
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का प्रतिष्ठित शिमला क्लब, जो देश के चुनिंदा और ऐतिहासिक क्लबों में गिना जाता है, रविवार को आयोजित वार्षिक चुनाव में एक बार फिर चर्चा का केंद्र रहा। इस चुनाव में नरेंद्र कटारिया को सर्वसम्मति से शिमला क्लब का आजीवन अध्यक्ष चुना गया। कटारिया वर्ष 1998 से लगातार क्लब के अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं और यह उनकी 28वीं जीत है।
नरेंद्र कटारिया, जो नगर निगम शिमला के महापौर भी रह चुके हैं, शहर में एक प्रमुख समाजसेवी के रूप में भी पहचान रखते हैं। उनके नेतृत्व में शिमला क्लब को राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान मिली है। चुनाव में इस बार अन्य पदाधिकारियों का भी सर्वसम्मति से चयन हुआ। एन.के. व्यास को उपाध्यक्ष, सुधीर चावला को महासचिव, विकास कपूर को संयुक्त सचिव, कुमारी शीनम कटारिया को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा एस.के. कालिया, एन.सी. सूद, विकास खरबंदा और अतुल झींगन को कार्यकारी सदस्य चुना गया, जबकि अश्वनी गोयल को क्लब का सलाहकार नियुक्त किया गया।
नरेंद्र कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य हमेशा शिमला क्लब को देश के शीर्ष प्रतिष्ठित क्लबों में बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि शिमला क्लब केवल सामाजिक मेलजोल का मंच नहीं है, बल्कि यह समाजसेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। क्लब अपने सदस्यों और समाज के हित में स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान और जरूरतमंदों की सहायता जैसी गतिविधियों में लगातार जुड़ा रहता है।
गौरतलब है कि शिमला क्लब से देश के कई कानूनी, राजनीतिक और औद्योगिक जगत की बड़ी हस्तियां जुड़ी हुई हैं। यही कारण है कि इसे भारत के सबसे प्रतिष्ठित और सक्रिय क्लबों में गिना जाता है।