NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

नेपाल में राजनीतिक संकट: पूर्व पीएम की पत्नी की जलकर मौत

nepal protest

काठमांडू: नेपाल में जारी राजनीतिक उथल-पुथल और विरोध प्रदर्शनों ने अब हिंसक रूप ले लिया है। इस अशांति के बीच एक बड़ी और दुखद घटना सामने आई है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री झालानाथ खनाल की पत्नी राज्यलक्ष्मी चित्रकार की मौत हो गई। यह घटना काठमांडू के डल्लू इलाके में हुई, जहां प्रदर्शनकारियों ने खनाल के घर पर हमला कर आगजनी की। बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने उन्हें घर के अंदर बंद कर दिया और आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

नेपाल में यह आंदोलन ‘जनरेशन-ज़ेड (Gen-Z) मूवमेंट’ के नाम से चल रहा है, जो सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर शुरू हुआ था। धीरे-धीरे इसने पूरे देश में राजनीतिक माहौल को अस्थिर कर दिया। हालात इतने बिगड़े कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। गुस्साई भीड़ ने न केवल राजनेताओं के घरों पर हमला किया, बल्कि राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल सहित कई बड़े नेताओं के आवासों को भी निशाना बनाया।

आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन और सार्वजनिक संपत्तियों में तोड़फोड़ व आगजनी की। अब तक हुई हिंसा में कम से कम 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं। बढ़ते तनाव के चलते भारत की एयरलाइंस, एयर इंडिया और इंडिगो ने काठमांडू के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं। नेपाल में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं और सुरक्षा बलों को राजधानी के कई इलाकों में तैनात किया गया है

Scroll to Top