नेपाल में राजनीतिक संकट गहराया, ओली सरकार घिरी संकट में
नेपाल इस समय भारी राजनीतिक संकट और हिंसा की आग से गुजर रहा है। राजधानी काठमांडू, पोखरा और अन्य बड़े शहरों में माहौल तनावपूर्ण है। रविवार को प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के भक्तपुर स्थित बालकोट आवास के पास गोली चलने की घटना से हालात और बिगड़ गए। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए हैं।
उधर, नेपाल में जारी उथल-पुथल के बीच प्रधानमंत्री ओली के नेतृत्व वाली सरकार को बड़ा झटका लगा है। नेपाली कांग्रेस से जुड़े सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। लगातार हो रहे प्रदर्शनों और हिंसक घटनाओं के बीच कैबिनेट में भी अस्थिरता बढ़ती जा रही है।
प्रधानमंत्री सचिवालय की ओर से जानकारी दी गई है कि पीएम ओली हालात का आकलन कर रहे हैं और सभी दलों के साथ बातचीत कर समाधान खोजने की कोशिश में जुटे हैं। इसके लिए उन्होंने शाम 6 बजे आधिकारिक निवास पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। साथ ही उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
नेपाल में लगातार बढ़ रही हिंसा और राजनीतिक हलचल ने ओली सरकार के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्षी दलों और सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों का दबाव बढ़ने से सत्ता समीकरण भी तेजी से बदल सकते हैं।