7 दिन से बंद NH-5, लैंडस्लाइड से देश-दुनिया से कटा किन्नौर
किन्नौर । लगातार हो रही बारिश और बार-बार भूस्खलन से हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले का देश-प्रदेश से संपर्क पूरी तरह कट गया है। नेशनल हाईवे-5 (NH-5) पिछले सात दिनों से बंद पड़ा है। शनिवार सुबह मलबा हटाकर जब गाड़ियों को निकाला गया तो कुछ ही देर में निगुलसरी के पास फिर से लैंडस्लाइड हो गया। इसके बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थिति जस की तस बनी हुई है।
7 दिन से ठप यातायात
किन्नौर के निगुलसरी और नाथपा झूला के पास हुए लैंडस्लाइड ने NH-5 पर यातायात पूरी तरह रोक दिया है। इस हाईवे पर सेब से लदी 80–90 गाड़ियां, पर्यटक और कई बाइकर्स फंसे हुए हैं। यह इकलौता मार्ग है जो किन्नौर को देश और प्रदेश से जोड़ता है। 73 ग्राम पंचायतें इसी मार्ग पर निर्भर हैं, जिससे हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पर्यटक और स्थानीय लोग फंसे
लाहौल-स्पीति से लौट रहे पर्यटक और किन्नौर के नाको, चांगो, भाभा वैली, सांगला वैली जैसे पर्यटन स्थलों पर पहुंचे सैकड़ों लोग अब रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने रेस्ट हाउस, स्कूल और अन्य सरकारी संस्थानों में फंसे लोगों के लिए ठहरने की व्यवस्था की है।
सेना और NHAI जुटी बहाली में
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और सेना के जवान सड़क बहाली में लगे हुए हैं। हालांकि, लगातार बारिश बहाली कार्य में बाधा डाल रही है। मौके पर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात हैं, जो लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दे रहे हैं।
डीसी किन्नौर ने लिया हालातों का जायजा
डीसी किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों वांगतू, शोंगटोंग और नाथपा का दौरा किया। उन्होंने सड़क बहाली कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और श्रमिकों को जल्द मार्ग बहाल करने के निर्देश दिए।
नाथपा झूला हादसा
बीते बुधवार को नाथपा झूला के पास भारी पत्थर गिरने से कई गाड़ियां चपेट में आ गई थीं। इस दौरान 9 लोग घायल हुए और एक व्यक्ति का हाथ टूट गया। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वर्तमान में नाथपा और निगुलसरी दोनों जगह हाईवे बाधित है और वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।