NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राजीव गांधी कॉलेज शिमला में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस मनाया, छात्र-छात्राओं ने किया सामाजिक योगदान पर जोर

शिमला /24/09/2025

govt clg

राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, कोटशेरा, चौड़ा मैदान शिमला में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान मुख्य अतिथि तथा डॉ. तुषार (लॉजिस्टिक वेयरहाउस विशेषज्ञ) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेन्द्र वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और एनएसएस की गतिविधियों तथा समाजसेवा में इसके योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. स्नेह ने एनएसएस के मूल मंत्र “Not Me, But You” की भावना पर जोर देते हुए कहा कि यह युवाओं को निःस्वार्थ सेवा, परोपकार और सामूहिक हित के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि NSS छात्रों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में स्वयंसेवियों ने अपनी गतिविधियों और अनुभव साझा किए। इस दौरान संगीत वाद्य समूह ने “शिव कैलाशों के वासी” भजन प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने सराहा। एनएसएस स्वयंसेवक मिशुल ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया। प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व और सेवा की भावना को बढ़ाने पर जोर देते हुए स्वयंसेवकों के उत्साह और योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवियों ने प्राचार्य और अतिथियों का धन्यवाद किया। समापन एक धमाकेदार “नाटी” प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने पूरे माहौल को सांस्कृतिक और जीवंत रंगों से भर दिया।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. पी.डी. कौशल, शोध एवं विकास प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. राकेश शर्मा, जूलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी चौहान, बॉटनी विभागाध्यक्ष डॉ. अनुप्रिया शर्मा और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेह एवं डॉ. जितेन्द्र वर्मा सहित लगभग 250 छात्र-छात्राएं, शिक्षक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम छात्रों के लिए समाजसेवा, नेतृत्व और समर्पण के मूल्य सीखने का प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।

clg
Scroll to Top