ऑनलाइन सट्टेबाजी पर इनकम टैक्स का मेगा ऑपरेशन: 35 ठिकानों पर छापा, 300 करोड़ का भंडाफोड़, 15 हिरासत में
शिमला/19/09/2025
भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क पर इनकम टैक्स विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। चंडीगढ़ और शिमला की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में एक साथ 35 ठिकानों पर छापेमारी की। इस अभियान को “ऑपरेशन एंड गेम” नाम दिया गया, जिसमें अब तक करीब 300 करोड़ रुपये के काले खेल का पर्दाफाश हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, यह नेटवर्क वर्ल्ड-777, डायमंड एक्सचेंज और 10-एक्स बैट एप्स के जरिए क्रिकेट, कार रेसिंग और यहां तक कि राजनीतिक घटनाओं पर भी सट्टा लगवाता था। अकेले भारत-पाकिस्तान मैच में लगभग 50 करोड़ रुपये का सट्टा लगाया गया था। जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क दुबई और आर्मेनिया से ऑपरेट हो रहा था और हवाला के जरिये करोड़ों रुपये विदेश भेजने की भी साजिश थी।
छापेमारी के दौरान विभाग ने करोड़ों की ज्वेलरी, लग्जरी गाड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सर्वर जब्त किए। वहीं, लोगों को फंसाने के लिए बैटिंग एप पर लाइव कैसिनो और लड़कियों के वीडियो दिखाए जाते थे। अब तक इस मामले में 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
क्यूएफएक्स निवेश घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई
इसी बीच, ईडी ने क्यूएफएक्स/वाईएफएक्स/बॉटब्रो प्लेटफार्मों के जरिये किए गए बड़े निवेश घोटाले में भी कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने इस मामले में सक्रिय मुख्य एजेंट हरिंदरपाल सिंह को मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत गिरफ्तार किया है। विशेष पीएमएलए अदालत, चंडीगढ़ ने आरोपी को 9 दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया। यह जांच हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में दर्ज एफआईआर पर आधारित है, जिनमें आईपीसी की धारा 120बी, 406 और 420 शामिल हैं।
इन दोनों कार्रवाइयों से साफ है कि सरकार और एजेंसियां ऑनलाइन सट्टेबाजी और निवेश घोटालों पर अब कड़ा शिकंजा कस रही हैं।