ऑपरेशन सिंदूर में भारत की बड़ी जीत: पाकिस्तान के 5 F-16 लड़ाकू विमान ध्वस्त,वायुसेना प्रमुख का खुलासा
नई दिल्ली/03/10/2025
नई दिल्ली।
भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने खुलासा किया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के 4-5 F-16 लड़ाकू विमान नष्ट कर दिए गए। इसके अलावा पाकिस्तान के एयरबेस पर किए गए हमले में सर्विलांस विमान और कई सैन्य ढांचे भी तबाह हुए।
93वें वायुसेना स्थापना दिवस पर मीडिया को संबोधित करते हुए एयर चीफ ने बताया कि भारत ने पाकिस्तान के तीन एयरबेस हैंगर पर हमला किया, जिनमें से एक पूरी तरह F-16 विमानों का था। इसी हमले में पाकिस्तान के 4-5 F-16 लड़ाकू विमान ध्वस्त हो गए।
पाकिस्तान को भारी नुकसान
एयर चीफ ने विस्तार से बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कई अहम ठिकाने तबाह किए गए।
चार स्थानों पर रडार सिस्टम नष्ट
दो जगह कमांड और कंट्रोल सेंटर तबाह
दो रनवे क्षतिग्रस्त
तीन एयरबेस हैंगर ध्वस्त (इनमें F-16 वाले भी शामिल)
उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्रवाई तीनों सेनाओं के तालमेल और क्षमता का उदाहरण है।
आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन
यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था। इसके बाद 7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों में आतंकी ढांचों को निशाना बनाया। हमले के बाद चार दिनों तक भीषण संघर्ष हुआ और अंततः 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी।
‘सुदर्शन चक्र’ पर काम
एयर चीफ ने बताया कि अब तीनों सेनाओं ने संयुक्त रूप से हवाई रक्षा प्रणाली “सुदर्शन चक्र” पर काम शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को इस स्वदेशी परियोजना का ऐलान किया था, जिसका लक्ष्य भारत के अहम सैन्य और नागरिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा करना है।
वायुसेना की भविष्य की तैयारी
एयर चीफ ने कहा कि वायुसेना ने अपनी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए “रोडमैप 2047” तैयार किया है। एस-400 हवाई रक्षा मिसाइल प्रणाली पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया, लेकिन यह जरूर कहा कि यह प्रणाली भारत के लिए बेहद कारगर साबित हुई है।