NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पाकिस्तान में टमाटर बना लाल हीरा, 600 रुपये किलो के दाम पर मचा हंगामा

इस्लामाबाद/28/10/2025

paki

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। रोज़मर्रा की जरूरत की चीज़ें अब आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। हालत यह है कि देश में टमाटर की कीमत 600 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। इतना ही नहीं, अदरक 750 रुपये, प्याज 120 रुपये, और मटर 500 रुपये किलो बिक रही है। इन आसमान छूती कीमतों ने पाकिस्तानी संसद तक में तूफान मचा दिया है।

संसद में महंगाई पर हंगामा

पाकिस्तान की संसद में विपक्षी दलों ने सरकार को घेरते हुए सवाल दागे कि आखिर जनता कब तक इस महंगाई की मार झेलेगी। एक सांसद ने तो संसद में 75 रुपये का टमाटर दिखाते हुए कहा— “ये टमाटर बड़ी मुश्किल से मिला है, अब इसे भी तिजोरी में रखना पड़ेगा।” इस पर पूरे सदन में हंगामा मच गया। सोशल मीडिया पर भी ‘टमाटर लोन’ ट्रेंड कर रहा है।

अफगान सीमा बंदी बनी बड़ी वजह

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 11 अक्टूबर से शुरू हुई झड़पों के बाद दोनों देशों की सीमाएं बंद कर दी गईं। तुर्कहम बॉर्डर पर करीब 5,000 कंटेनर फंसे हैं जिनमें टमाटर, फल, और सब्जियां शामिल हैं। पाकिस्तान-अफगान चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष खान जान अलोकोजाय का कहना है कि दोनों देशों को रोजाना लगभग 1 मिलियन डॉलर का नुकसान हो रहा है।

जनता की जेब पर भारी पड़ी संकट की मार

पाकिस्तान में लहसुन 400 रुपये किलो, शिमला मिर्च और भिंडी 300 रुपये किलो, और खीरा 150 रुपये किलो में बिक रहा है। पहले मुफ्त में मिलने वाला धनिया अब 50 रुपये का छोटा गट्ठर हो गया है। महंगाई ने लोगों की रसोई से स्वाद ही छीन लिया है।

भारत की याद में पाकिस्तान

इस संकट के बीच कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर भारत से पुराने व्यापारिक संबंधों को याद कर रहे हैं। पहले जब भारत से टमाटर और सब्जियां आती थीं तो कीमतें काबू में रहती थीं। अब सीमा बंदी और राजनीतिक तनाव के कारण जनता को महंगे दाम चुकाने पड़ रहे हैं।

सवाल बरकरार — क्या सुधरेगी स्थिति?

महंगाई के इस कहर के बीच पाकिस्तानी जनता उम्मीद लगाए बैठी है कि सरकार जल्द हालात पर काबू पाएगी। फिलहाल, 600 रुपये किलो का टमाटर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की “लाल सच्चाई” बन चुका है।

Scroll to Top