NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पौंग डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, प्रशासन अलर्ट पर; स्कूलों में छुट्टी

धर्मशाला/18/09/2025

pong dameed

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। पौंग डैम का जलस्तर खतरे के निशान (1390 फीट) से ऊपर चला गया है, जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गुरुवार सुबह डैम का जलस्तर 1394.85 फीट दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 1395.24 फीट तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान से 5.24 फीट अधिक है। इस स्थिति को देखते हुए इंदौरा और फतेहपुर मंड क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

बांध में बुधवार को 74,910 क्यूसेक पानी की आमद हुई थी। गुरुवार सुबह तक इनफ्लो 37,248 क्यूसेक और आउटफ्लो 59,845 क्यूसेक दर्ज किया गया। इनमें से 42,953 क्यूसेक पानी स्पिलवे से और 16,892 क्यूसेक टर्बाइन से छोड़ा गया। सुबह 9 बजे तक इनफ्लो और आउटफ्लो दोनों 59,845 क्यूसेक रहे। फिलहाल 60 हजार क्यूसेक पानी ब्यास नदी में छोड़ा जा रहा है, और अगर बारिश का दौर जारी रहा तो यह बढ़कर एक लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है।

प्रशासन ने अलर्ट जारी कर रेस्क्यू टीमों को तैयार रखा है। एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं, सतर्कता बरतें और अफवाहों से दूर रहें।

इस साल पौंग डैम का जलस्तर पिछले दोनों वर्षों की तुलना में कहीं अधिक दर्ज किया गया है। 17 सितम्बर 2023 को यह 1387.73 फीट और 2024 को केवल 1365.43 फीट था, जबकि इस बार 17 सितम्बर 2025 को 1395.24 फीट दर्ज किया गया।

कैचमेंट एरिया में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। हरसर में 84.80 मिमी, नागरोटा सुरियां में 45.00 मिमी, शाहपुर में 34.20 मिमी और पालमपुर में 28.40 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जिससे डैम का स्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Scroll to Top