फिलीपींस के मिंडानाओ में 7.3 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
मनीला/10/10/2025
फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.3 मापी गई, जबकि इसका केंद्र धरती की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। स्थानीय विज्ञान एजेंसी फिवोल्क्स ने समुद्र के किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और समुद्र में प्रवेश न करने की सलाह दी। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
स्थानीय प्रशासन ने भूकंप की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्राथमिकता अस्पतालों, सड़कों और प्रभावित बिल्डिंगों की है। फिलीपींस के भूकंप विज्ञान कार्यालय ने अनुमान लगाया है कि अगले दो घंटों में प्रशांत तट पर लगभग 1 मीटर की लहरें आ सकती हैं।
फिलीपींस का यह इलाका ‘रिंग ऑफ फायर’ के साथ स्थित होने के कारण भूकंपीय गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है और यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
इससे पहले 30 सितंबर 2025 को भी मिंडानाओ में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसकी तीव्रता 6.9 रिक्टर स्केल मापी गई। उस भूकंप में पत्थर और कंक्रीट की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, लगभग 60 लोगों की मौत हुई और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।
स्थानीय अग्निशमन अधिकारी रे कैनेट ने बताया कि भूकंप का केंद्र बोगो शहर, जिसकी आबादी 90 हजार है, से लगभग 17 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। भूकंप के दौरान इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, डामर की सड़कें उखड़ गईं और शहर की बिजली व्यवस्था ठप पड़ गई। उन्होंने कहा कि झटके महसूस होते ही लोग तुरंत अपनी बैरकों और घरों से बाहर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।