NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बिहार की 75 लाख महिलाओं को पीएम मोदी देंगे 10,000 रुपये

नई दिल्ली/26/09/2025

modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 26 सितंबर को बिहार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत राज्य की लगभग 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना का प्रारंभिक खर्च 7,500 करोड़ रुपये रखा गया है।

यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार और आजीविका के अवसर प्रदान करने और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना सार्वभौमिक प्रकृति की है, जिसके तहत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपनी पसंद के रोजगार या आजीविका गतिविधियों को शुरू कर सकें।

योजना के तहत प्रारंभिक अनुदान के रूप में 10,000 रुपये दिए जाएंगे, और बाद में 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की संभावना है। यह योजना सामुदायिक आधारित होगी, जिसमें वित्तीय सहायता के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़े सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के समर्थन के लिए राज्य में ग्रामीण हाट-बाजारों को विकसित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी लगातार स्वदेशी उत्पादों और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने की बात करते रहे हैं। इस योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और देसी उत्पादों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

बिहार में पिछले विधानसभा चुनाव (2020) में महिलाओं का मतदान पुरुषों से अधिक रहा था। कुल मतदान प्रतिशत 57.05% था, जिसमें महिलाओं का मतदान 59.69% था। यह लगातार तीसरा विधानसभा चुनाव था जब महिलाओं ने पुरुषों से अधिक वोटिंग की।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार लगातार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए महिलाएं राज्य से बाहर गए बिना ही आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

Scroll to Top