दशहरा पर यमुना पार आएंगे पीएम मोदी, रामलीला ग्राउंड में कड़े सुरक्षा इंतजाम
नई दिल्ली/02/10/2025
नई दिल्ली: इस बार राजधानी दिल्ली के पूर्वी इलाके में दशहरा का उत्सव खास होने वाला है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार यमुना पार के आईपी एक्सटेंशन रामलीला ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर ग्राउंड पर तैयारियां जोरों पर हैं। पीएम मोदी के लिए विशेष रूप से भव्य और वाटरप्रूफ मंच तैयार किया गया है, ताकि मौसम का असर कार्यक्रम पर न पड़े।
सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे रामलीला मैदान को कड़े सुरक्षा घेरे में ले लिया है। दिल्ली पुलिस के साथ एसपीजी की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई हैं। सुरक्षा मानकों के तहत चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे और किसी भी तरह की चूक को रोकने के लिए हाईटेक निगरानी की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों ने की उच्चस्तरीय बैठक
पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस ने दशहरा से पहले उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी ईस्ट आईपीएस अभिषेक धनिया ने की। इसमें एडिशनल डीसीपी-1 विनीत कुमार और एडिशनल डीसीपी-2 जगदेव सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों को वीवीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा और व्यवस्था के सभी पहलुओं पर ब्रीफ किया गया। सभी कर्मचारियों को अतिरिक्त सतर्क और चौकस रहने के निर्देश दिए गए।
रामलीला कमेटी का बयान
श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ के प्रधान सुरेश बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का दशहरा पर आने का यह कार्यक्रम उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रही है और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आम जनता के लिए दिशा-निर्देश
दर्शकों के प्रवेश के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। लोग दोपहर 3 बजे तक रामलीला ग्राउंड में प्रवेश कर सकेंगे, उसके बाद एंट्री बंद कर दी जाएगी। सुरक्षा कारणों से मैदान में केवल सीमित संख्या में लोगों को आने की अनुमति दी जाएगी।
पूर्वी दिल्ली पुलिस ने आश्वस्त किया है कि पूरा आयोजन सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जाएगा, ताकि लोग शांति और उल्लास के साथ दशहरा मना सकें। पीएम मोदी का यह दौरा पूर्वी दिल्लीवासियों के लिए ऐतिहासिक क्षण साबित होगा।