NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

प्रधानमंत्री मोदी ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया

मुंबई/08/10/2025

RAILWAY

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उद्योगपति गौतम अडाणी भी मौजूद थे। 19,650 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह मुंबई का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। इसका नाम डी.बी. पाटिल नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया है, जो महाराष्ट्र के किसान नेता थे।

पहले चरण में एक टर्मिनल और एक रनवे का निर्माण किया गया है, जो सालाना 2 करोड़ यात्रियों को सेवाएं देगा। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल को राष्ट्रीय फूल कमल के डिजाइन में विकसित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर से यहां से नियमित उड़ानें शुरू होंगी। पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले सोशल मीडिया पर लिखा कि यह एयरपोर्ट मुंबई महानगर क्षेत्र को दूसरा प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देगा, जिससे वाणिज्य और संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

एयरपोर्ट की खासियत और तकनीक:

निर्माण में अडाणी ग्रुप और CIDCO की साझेदारी: अडाणी 74%, CIDCO 26% AI-ऑपरेटेड फुली ऑटोमेटेड टर्मिनल चार मुख्य गेट: अल्फा, ब्रावो, चार्ली और डेल्टा 88 चेक-इन काउंटर: 66 ट्रेडिशनल और 22 सेल्फ चेक-इन ऑनलाइन बैगेज ड्रॉप सर्विस कैटेगरी-III इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS), घने कोहरे में भी सुरक्षित लैंडिंग भारत का पहला फुली डिजिटल एयरपोर्ट फूड हॉल, फूड प्री-बुकिंग और व्हीकल पार्किंग स्लॉट की प्री-बुकिंग सभी टर्मिनलों को जोड़ने वाला ऑटोमेटेड पीपल मूवर इको-फ्रेंडली फ्यूल का उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन

आर्किटेक्चर और पर्यावरण:


इस एयरपोर्ट की वास्तुकला लंदन की प्रसिद्ध ज़ाहा हदीद आर्किटेक्ट्स द्वारा डिज़ाइन की गई है, जो ‘तैरता हुआ कमल’ थीम पर आधारित है। टर्मिनल में कमल की पंखुड़ियों जैसी 12 मूर्तिकला स्तंभ और 17 बड़े स्तंभ हैं। 1,160 हेक्टेयर में फैले इस प्रोजेक्ट में पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और विशाल हॉल शामिल हैं।

फेज-1 की विशेषताएं:

एक टर्मिनल और रनवे वार्षिक यात्री क्षमता: 2 करोड़, कार्गो क्षमता: 0.8 मिलियन मीट्रिक टन चार मुख्य द्वार (अल्फा, ब्रावो, चार्ली और डेल्टा) 88 चेक-इन काउंटर: 66 कर्मचारी-संचालित, 22 सेल्फ चेक-इन शुरुआत में उड़ानें सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक, प्रति घंटे 10 विमान पूरी क्षमता पर प्रति घंटे 40 विमान संचालन जेन-जेड यात्रियों के लिए डिजी-यात्रा तकनीक
अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र और भविष्य:

नवी मुंबई एयरपोर्ट को दुबई और लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र का दर्जा दिया गया है। चार टर्मिनल और दो समानांतर रनवे के साथ, यह हवाई अड्डा 9 करोड़ यात्रियों और 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो संभालने में सक्षम होगा। अडाणी समूह ने पहले चरण के लिए 20,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है और दूसरे चरण के लिए 30,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त निवेश की योजना है।

आर्थिक और शहरी विकास:

पूरा होने पर यह एयरपोर्ट पनवेल, उल्वे और खारघर में रियल एस्टेट और लाखों नौकरियों को बढ़ावा देगा। जेएनपीटी के पास स्थित होने से लॉजिस्टिक्स मजबूत होंगे। अटल सेतु और मेट्रो लाइन-3 जैसी परियोजनाओं के साथ यह एयरपोर्ट मुंबई महानगर क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर ले जाएगा और भारत की आर्थिक प्रगति में योगदान देगा।

पर्यावरण और यात्री अनुभव:

इस एयरपोर्ट में पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन, हरित अवधारणाएं, 5G कनेक्टिविटी, वाटर टैक्सी और एकीकृत मोबिलिटी ऐप ‘मुंबई वन’ जैसी सुविधाएं हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक नेविगेशन और सुरक्षा प्रणालियां लागू की गई हैं।

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना है। इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया गया है और यह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) के साथ मिलकर मुंबई को वैश्विक बहु-हवाई अड्डा शहर बनाएगा। यह हवाई अड्डा देश की आर्थिक प्रगति और मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

WAY
Scroll to Top