NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पीएम मोदी 8-9 अक्टूबर को महाराष्ट्र दौरे पर, ब्रिटिश पीएम कीर स्टारमर से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली/07/10/2025

narender modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 और 9 अक्टूबर को दो दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, पीएम मोदी 8 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे नवी मुंबई पहुंचेंगे, जहां वे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे साढ़े तीन बजे इस हवाई अड्डे का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। यह भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है, जिसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर तैयार किया गया है।

यह नया हवाई अड्डा मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) के साथ मिलकर काम करेगा, जिससे हवाई यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। 1,160 हेक्टेयर में फैले इस हवाई अड्डे को दुनिया के सबसे आधुनिक और कुशल हवाई अड्डों में से एक बनाया गया है, जो प्रति वर्ष 9 करोड़ यात्रियों और 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो को संभालने में सक्षम होगा।

9 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे, प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर की मेजबानी करेंगे। यह स्टारमर की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। दोनों नेता भारत-ब्रिटेन ‘विजन 2035’ साझेदारी के तहत व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा करेंगे।

इसके बाद दोपहर 1:40 बजे, दोनों प्रधानमंत्री मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम में शामिल होंगे, जहां भारत और ब्रिटेन के उद्योग जगत के शीर्ष प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। दोपहर 2:45 बजे, दोनों नेता ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 के छठे संस्करण में भाग लेंगे और मुख्य भाषण देंगे।

इस वर्ष का ग्लोबल फिनटेक फेस्ट अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसमें 75 से अधिक देशों के 1 लाख से अधिक प्रतिभागी, 7,500 कंपनियां, 800 वक्ता, 400 प्रदर्शक, और 70 नियामक संस्थाएं भाग लेंगी। यह आयोजन दुनियाभर के नीति-निर्माताओं, निवेशकों, बैंकरों, शिक्षाविदों और इनोवेटर्स को एक मंच पर लाएगा।

भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) पर भी इस यात्रा में चर्चा की जाएगी। यह समझौता दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देने का काम करेगा। इसके अलावा दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

Scroll to Top