छपरा की रैली में पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला: बोले—जंगलराज के शिकारी फिर घूम रहे हैं
छपरा/30/10/2025
बिहार विधानसभा चुनाव की गर्माहट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को छपरा पहुंचे और विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भोजपुरी में लोगों का अभिवादन करते हुए कहा— “मां भवानी, हरिहरनाथ की धरती के लोगन के प्रणाम.” रैली में पीएम मोदी ने बिहार के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लोक कलाकार भिखारी ठाकुर और स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह का उल्लेख कर लोगों को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं के सपने ही उनका संकल्प हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है और इस चुनाव में एनडीए को भारी समर्थन मिल रहा है। बारिश के बावजूद भीड़ देखकर उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह साबित करता है कि बिहार फिर से सुशासन को चुनने वाला है।
विपक्ष पर सीधा हमला
पीएम मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा—
“लालटेन वाले हों या पंजे वाले — सभी ने बिहार और बिहारियों का अपमान किया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों में बिहार से जाने वाले लोगों के साथ भेदभाव और दुर्व्यवहार किया गया, लेकिन विपक्ष ने कभी उनके लिए आवाज़ नहीं उठाई। पीएम ने यह भी कहा कि "लोकसभा और विधानसभा चुनावों के समय कांग्रेस और उसके सहयोगी वोट बैंक की राजनीति करते हैं, मगर बिहारियों की पीड़ा को नहीं समझते।"
बिहार में विकास और रोजगार का दावा
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में बने रेल इंजन अब विदेशों तक भेजे जा रहे हैं। मढ़ौरा और बिहार ‘मेड इन इंडिया’ की नई पहचान बन रहे हैं। उनका कहना था कि बिहार के युवाओं को रोजगार के अवसर अब राज्य में ही मिलेंगे।
राम मंदिर और धार्मिक पर्यटन का ज़िक्र
छपरा की गायिका स्वाति मिश्रा के लोकप्रिय गीत “मेरी झोपड़ी के भाग्य खुल जाएंगे राम आएंगे” का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण 500 वर्षों के संघर्ष के बाद संभव हो पाया है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे अयोध्या जाने से कतराते हैं, क्योंकि उन्हें अपने वोट बैंक खोने का डर रहता है।
“जंगलराज से सावधान”— पीएम मोदी
अपने संबोधन में उन्होंने बिहार के पुराने दौर को याद दिलाते हुए कहा कि पहले के शासन में अपराध, अपहरण और वसूली चरम पर थी। पीएम मोदी ने चेतावनी दी—
“जंगलराज के शिकारी एक बार फिर घूम रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि एनडीए बिहार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश को फिर से पीछे नहीं जाने देगा।
PM मोदी का स्लोगन
“जंगलराज से दूर रहेगा बिहार, फिर से एनडीए सरकार।”