NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

प्रीति जिंटा ने हिमाचल आपदा प्रभावितों को दी 30 लाख रुपए की राहत, आलमाइटी ब्लेसिंग संस्था को ट्रांसफर

शिमला/22/09/2025

pari

हिमाचल की बेटी और बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावितों की मदद के लिए 30 लाख रुपए का दान दिया है। यह आर्थिक मदद उन्होंने किंग्स XI पंजाब की तरफ से प्रदान की है। प्रीति जिंटा ने यह राशि हिमाचल स्थित आलमाइटी ब्लेसिंग संस्था को ट्रांसफर की है।

संस्था के संस्थापक सरबजीत बॉबी ने बताया कि इस राशि से कुल्लू और मंडी के आपदा प्रभावित परिवारों की मदद की जाएगी। हर परिवार को 25-25 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी। सरबजीत बॉबी ने बताया कि ट्रांसफर की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बीते शनिवार को यह राशि संस्था के खाते में पहुंच गई। उन्होंने प्रीति जिंटा और उनके परिवार का आभार जताया और कहा कि प्रीति का परिवार हमेशा सेवा और समाजसेवा के कामों में सक्रिय रहता है। 2 दिन पहले ही प्रीति की माता और भाई शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में संस्था द्वारा चलाए जा रहे लंगर में शामिल हुए थे।

प्रीति जिंटा हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहडू की रहने वाली हैं। उन्होंने शिमला से ही कॉलेज तक की पढ़ाई पूरी की। वह समय-समय पर शिमला और रोहडू आती रहती हैं। प्रीति ने 29 फरवरी 2016 को अमेरिका निवासी जीन गुडइनफ से शादी की।

आलमाइटी ब्लेसिंग संस्था इससे पहले मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवारों को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दे चुकी है। इस संस्था ने ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों के परिवारों को भी 1 करोड़ रुपए और पंजाब के आपदा प्रभावितों को 33 लाख रुपए प्रदान किए हैं।

सरबजीत बॉबी ने बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े हिमाचल के अन्य कलाकारों से भी अपील की है कि वे आपदा प्रभावितों की मदद के लिए आगे आएं। हिमाचल से कई कलाकार बॉलीवुड में काम कर रहे हैं, जिनमें कंगना रनोट, यामी गौतम, अनुपम खेर, प्रीति जिंटा और रुबीना दिलैक शामिल हैं।

प्रीति जिंटा की इस पहल से हिमाचल के आपदा प्रभावितों के जीवन में राहत और सहयोग की उम्मीद बढ़ी है।

Scroll to Top