NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

इतिहास रचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: सबरीमला मंदिर में आज करेंगी दर्शन

केरल दौरे का पहला दिन धार्मिक आस्था को समर्पित

तिरुवनंतपुरम/22/10/2025

MURMUM

तिरुवनंतपुरम। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने चार दिवसीय केरल प्रवास के दौरान आज सबरीमला श्री धर्म संस्थान मंदिर में पूजा-अर्चना कर इतिहास रचने जा रही हैं। वह इस पवित्र मंदिर में दर्शन करने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बनेंगी। इस ऐतिहासिक क्षण को न केवल धार्मिक श्रद्धा बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 9:35 बजे तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर द्वारा निलक्कल पहुँचीं, जहाँ से उन्होंने सड़क मार्ग से पंबा की ओर प्रस्थान किया। परंपरा के अनुसार उन्होंने पंपा गणपति मंदिर में ‘इरुमुदी केट्टू’ — भगवान अयप्पा को अर्पित की जाने वाली पवित्र प्रसाद की पोटली — भरी। इसके बाद वह विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्वामी अय्यप्पन मार्ग से सन्निधानम (मुख्य गर्भगृह) पहुँचीं, जहाँ लगभग 11:50 बजे उन्होंने दर्शन किए।

दर्शन के बाद राष्ट्रपति देवस्वोम गेस्ट हाउस में विश्राम और भोजन करेंगी तथा दोपहर 3 बजे पंबा के लिए वापसी यात्रा शुरू करेंगी। शाम 4:20 बजे वह हेलीकॉप्टर से तिरुवनंतपुरम लौटेंगी।

राष्ट्रपति की इस यात्रा को लेकर सबरीमला और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। विशेष सुरक्षा समूह (SPG) और केरल पुलिस ने भीड़ प्रबंधन और परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया है। हालांकि मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं रहेगा।

चार दिवसीय केरल यात्रा के प्रमुख कार्यक्रम


राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

23 अक्टूबर को वह तिरुवनंतपुरम में राजभवन में आयोजित समारोह में पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी।

इसके बाद वह वर्कला स्थित शिवगिरी में श्री नारायण गुरु महासमाधि शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

उसी दिन शाम को वह पाला के सेंट थॉमस कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह का उद्घाटन करेंगी और कुमारकोम में रात्रि विश्राम करेंगी।

24 अक्टूबर को कोच्चि में सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में हिस्सा लेने के बाद वह बोलगट्टी पैलेस में दोपहर भोज के पश्चात नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा केरल की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और महिला नेतृत्व की नई मिसाल के रूप में याद किया जाएगा।

Scroll to Top