NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

वीरभद्र सिंह को चाहने वालों के दिल दुखाए प्रियंका ने, उनके योगदान पर चुप रहीं: विपिन सिंह परमार

धर्मशाला/13/10/2025

vipin

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर आ गई हैं। भाजपा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस कार्यक्रम में स्व. वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी जानी थी, उसी मंच से प्रियंका गांधी ने उनके योगदान का उल्लेख तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को याद करने के बजाय कांग्रेस नेत्री पूरा समय केंद्र सरकार को कोसने में बिता गईं।

परमार ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रियंका गांधी ने उस नेता के नाम पर राजनीति की, जिसने हिमाचल को नई दिशा दी, लेकिन उनके कार्यक्रम में उनका नाम तक लेना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज उस परंपरा से मुंह मोड़ चुकी है, जिसे वीरभद्र सिंह ने अपने बलबूते पर खड़ा किया था।

केंद्र को कोसने में लगीं प्रियंका, जनता को जवाब कौन देगा?

विपिन परमार ने सवाल उठाया कि प्रियंका गांधी हिमाचल को “अपना घर” बताती हैं, लेकिन आपदा के समय राज्य का हालचाल पूछने तक नहीं आईं। उन्होंने कहा — “अगर प्रियंका गांधी को हिमाचल से इतना लगाव है, तो बाढ़ और भूस्खलन के समय वह कब मंडी, कुल्लू या चंबा पहुंचीं? कब उन्होंने आपदाग्रस्त परिवारों से मुलाकात की?” परमार ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल फिर से खड़ा हो रहा है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीतिक बयानबाज़ी में व्यस्त है।


केंद्र सरकार ने दिल खोलकर दी मदद

विपिन सिंह परमार ने कहा कि पिछले दो वर्षों (2022-23 और 2023-24) में केंद्र सरकार ने हिमाचल को 20,000 करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय सहायता दी है। इस राशि में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष और विशेष राहत पैकेज जैसी योजनाएँ शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्तिगत रूप से हिमाचल के लिए 1,500 करोड़ रुपए के राहत पैकेज की घोषणा की, जबकि इसके अलावा 843 करोड़ रुपए एडवांस टैक्स शेयर के रूप में भी दिए गए। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार इन पैसों का उपयोग तक नहीं कर पाई।

मुख्य योजनाओं के तहत केंद्र से मिले फंड

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना – ₹2,500 करोड़ जल जीवन मिशन – ₹1,500 करोड़ प्रधानमंत्री आवास योजना – ₹1,200 करोड़ आपदा राहत पैकेज – ₹1,500 करोड़ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष – ₹2,006.40 करोड़ विशेष सहायता योजना (2024-25) – ₹220.10 करोड़ वन एवं पर्यावरण संतुलन हेतु – ₹200 करोड़ परमार ने कहा कि “जब केंद्र सरकार ने इतनी मदद दी है, तब कांग्रेस सरकार को बताना चाहिए कि यह पैसा आखिर गया कहाँ?”

प्रियंका की 10 गारंटियों पर साधा निशाना

विपिन परमार ने प्रियंका गांधी द्वारा चुनावों के दौरान दी गई 10 गारंटियों को “झूठे वादे” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता को सपने दिखाए, लेकिन सत्ता में आने के बाद किसी भी गारंटी पर अमल नहीं किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की विकासपरक सोच और नीतियों पर बात करने की बजाय, प्रियंका गांधी ने अपना पूरा भाषण केंद्र सरकार पर आरोप लगाने में बिता दिया।

परमार ने तंज कसते हुए कहा — “प्रियंका गांधी ने खुद कहा था कि मैं हिमाचल की बेटी हूँ, लेकिन जिसने अपने ही घर की तकलीफ़ नहीं समझी, वो बेटी कैसी?” जनता अब जवाब मांग रही है

परमार ने कहा कि हिमाचल की जनता अब सच जान चुकी है। लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि तीन साल पहले चुनावों में दी गई गारंटियों का क्या हुआ? आपदा राहत कोष का इस्तेमाल क्यों नहीं हुआ? और जिन पैसों की घोषणा केंद्र ने की थी, उनका लाभ जनता तक क्यों नहीं पहुँचा?

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के दुःख-दर्द को समझा और केंद्र ने हर स्तर पर सहयोग दिया, लेकिन कांग्रेस ने केवल “भ्रम और बहाने” फैलाए।

विपिन परमार के इस बयान ने हिमाचल की राजनीति में फिर हलचल मचा दी है। एक ओर भाजपा कांग्रेस पर वीरभद्र सिंह की विरासत को भुलाने का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस इसे राजनीतिक बदले की भावना बता रही है।

हालांकि एक बात साफ है — वीरभद्र सिंह के नाम पर राजनीति तो खूब हो रही है, लेकिन उनके आदर्शों पर चलने की नियत किसी में नहीं दिख रही।

Scroll to Top