पंजाब–जम्मू में बारिश का कहर: सात जिलों में बाढ़, 115 साल का रिकॉर्ड टूटा, वैष्णोदेवी में लैंडस्लाइड से 34 मौतें
पठानकोट/28/08/2025
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पंजाब और जम्मू–कश्मीर में तबाही मचा दी है। पंजाब के सात जिलों – गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, रोपड़, फगवाड़ा और तरनतारन – में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियों और नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है, जिससे हजारों एकड़ भूमि और फसलें पानी में डूब गई हैं। ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि गुरदासपुर का नवरत्न विद्यालय भी पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गया है।
उधर, जम्मू में बारिश ने पिछले 115 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। लगातार तेज बरसात से जनजीवन अस्त–व्यस्त हो गया है और कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएँ दर्ज की गई हैं। इसी बीच, कटड़ा स्थित प्रसिद्ध वैष्णोदेवी धाम में बुधवार को हुए भीषण लैंडस्लाइड ने बड़ा हादसा कर दिया। मलबे में दबने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 तक पहुँच गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। प्रशासन और राहत दल लगातार बचाव कार्य में जुटे हैं। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात ने पंजाब और जम्मू–कश्मीर दोनों जगहों पर जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन लगातार बचाव और राहत कार्य तेज़ करने में जुटा हुआ है।