NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पंजाब में प्रवासियों के खिलाफ माहौल गरमाया, पंचायतों और निहंगों ने किया विरोध

पंजाब/18/09/2025

parvasi

पंजाब में प्रवासियों के खिलाफ माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। मामला होशियारपुर जिले के झुनीर गांव से शुरू हुआ, जहां एक प्रवासी द्वारा बच्चे पर किए गए जुल्म के बाद गांव की पंचायत ने गुरुद्वारे साहिब में बैठक बुलाकर कड़े प्रस्ताव पारित किए। इस बैठक में पंचायत के साथ-साथ गांव की कमेटियों और क्लबों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक में तय किया गया कि अब कोई भी मकान मालिक प्रवासियों को घर किराए पर नहीं देगा, और अगर कोई ऐसा करता है तो उस घर का बहिष्कार किया जाएगा। इसके अलावा प्रवासियों द्वारा बाजार में लगाई जाने वाली रेहड़ियों पर भी पाबंदी लगा दी गई है। पंचायत ने साफ कहा कि अगर कोई प्रवासी अपराध करता है तो उसे पनाह देने वाला व्यक्ति भी उतना ही जिम्मेदार होगा। गांव के सरपंच जगपाल सिंह ने बताया कि प्रवासियों की पहचान की जा रही है और बिना पहचान के रह रहे लोगों की काउंसलिंग की जाएगी ताकि गांव का माहौल बिगड़े नहीं।

यह गुस्सा अब पंजाब के अन्य जिलों तक फैल गया है। मोहाली जिले में निहंगों ने प्रवासियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान निहंगों ने नारेबाजी करते हुए प्रवासियों की दुकानों को जबरन बंद करवाया और रेहड़ियां हटवा दीं।

जानकारी के अनुसार, केवल होशियारपुर में ही अब तक 25 पंचायतें ऐसे प्रस्ताव पारित कर चुकी हैं, जिनमें बाहर से आए मजदूरों को काम, मकान और सरकारी सुविधाएं जैसे राशन कार्ड व आधार कार्ड न देने की बात शामिल है। वहीं, मोहाली के कुराली-रोपड़ रोड पर निहंगों ने प्रवासियों की सभी दुकानें और रेहड़ियां बंद करवा दीं।

कुल मिलाकर, प्रवासियों के खिलाफ गुस्सा पंजाब के कई हिस्सों में फैलता जा रहा है और पंचायतें एक के बाद एक सख्त फरमान जारी कर रही हैं।

Scroll to Top