NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पुरुलिया में महिला और तीन बेटियों की रहस्यमयी मौत, फूड प्वॉइजनिंग की जांच शुरू

maut ho

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बंदोवन थाना क्षेत्र के लतापाड़ा गांव में गुरुवार देर रात 32 वर्षीय प्रिया गराई और उसकी तीन नाबालिग बेटियों बैशाखी (12), पल्लवी (10) और सौरवी (6) की रहस्यमयी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, प्रिया गराई रात को खाना खाकर अपनी तीनों बेटियों के साथ सोने चली गई थी। देर रात करीब 10 बजे उसका पति आनंद झारखंड से अनाज बेचकर घर लौटा। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा धक्का देकर खोलने पर उसने पत्नी और तीनों बेटियों को बेहोश पाया। आनन-फानन में सभी को बंदोवन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

फूड प्वॉइजनिंग की आशंका पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मौत की वजह फूड प्वॉइजनिंग हो सकती है। बताया जा रहा है कि परिवार ने रात में मुरी (मुरमुरे/पफ्ड राइस) खाई थी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि मौत उसी की वजह से हुई या इसके पीछे कोई और कारण है। शवों को पुरुलिया मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस जांच जारी

जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) अविनाश भीमराव ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बंदोवन पुलिस ने अननेचुरल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है। पति और ससुर से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है और पड़ोसियों एवं रिश्तेदारों से जानकारी जुटाई जा रही है।

परिवार और पड़ोसी सदमे में

पति आनंद का कहना है कि इस घटना ने उसका पूरा परिवार उजाड़ दिया है। वहीं पड़ोसी हलधर महत ने बताया कि लड़कियां शाम को उनके घर आई थीं और परिवार में कभी किसी विवाद की बात नहीं सुनी गई थी।

इस रहस्यमयी मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस अब बयानों और सबूतों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर मां-बेटियों की मौत का असली कारण क्या था।

Scroll to Top