क्यूएफएक्स ठगी मामला: ईडी की देशभर में बड़ी कार्रवाई, 9.31 करोड़ की संपत्ति जब्त
हिमाचल प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने क्यूएफएक्स नामक फर्जी निवेश योजना से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.31 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के अंतर्गत 26 अगस्त 2025 को की गई, जिसमें कुल 45 अचल संपत्तियाँ अटैच की गई हैं।
इनमें आवासीय फ्लैट, भूखंड (प्लॉट) और कृषि भूमि शामिल हैं, जो हिमाचल प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त बैंकों में जमा धनराशि को भी जब्त किया गया है। इस ठगी का मास्टरमाइंड नवाब उर्फ लविश चौधरी बताया गया है, जिसने वर्ष 2019 से 2025 तक क्यूएफएक्स के नाम पर पोंजी योजना और मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) के ज़रिए निवेशकों को 5 से 6 प्रतिशत मासिक रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से पैसा लिया गया, लेकिन वास्तव में कोई वास्तविक व्यापारिक लेनदेन नहीं किया गया।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि इस अवैध रूप से प्राप्त धन को आरोपियों ने अपने परिजनों व रिश्तेदारों के नाम पर संपत्तियाँ खरीदने में निवेश कर वैध बनाने का प्रयास किया। इससे पहले भी ईडी ने 11 फरवरी और 4 जुलाई को क्यूएफएक्स समूह पर कार्रवाई करते हुए लगभग 394 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वाले 194 बैंक खातों को फ्रीज किया था। यह पूरी कार्रवाई हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश और हरियाणा में दर्ज एफआईआर के आधार पर की जा रही है। ईडी की यह कार्रवाई देशभर में संचालित फर्जी निवेश योजनाओं के खिलाफ एक बड़ी और सख्त पहल मानी जा रही है।