NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राहुल गांधी का हमला: बेरोज़गारी को वोट चोरी से जोड़ा मोदी सरकार पर गंभीर आरोप

नई दिल्ली/23/09/2025

rahul gandhi

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर बेरोज़गारी और चुनावी धांधली को लेकर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज़ाद भारत के इतिहास का सबसे बड़ा संकट बेरोज़गारी है और इसका सीधा रिश्ता वोट चोरी से है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए आरोप लगाया कि जब सरकार चुनाव जनता का विश्वास जीतकर नहीं बल्कि चोरी करके जीतती है, तो उसे न तो नौकरियां देने की चिंता रहती है और न ही भर्ती प्रक्रियाओं को सुधारने की।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में बेरोज़गारी उच्चतम स्तर पर है, नौकरियां लगातार घट रही हैं और भर्ती प्रक्रियाएं पेपर लीक व भ्रष्टाचार से पूरी तरह प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, “देश का युवा मेहनत कर रहा है, सपने देख रहा है लेकिन मोदी सरकार केवल प्रचार, सेलिब्रिटीज़ से गुणगान और अरबपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि अब भारत का युवा समझ चुका है कि असली लड़ाई सिर्फ नौकरियों की नहीं बल्कि वोट चोरी के खिलाफ है। जब तक चुनाव चोरी होते रहेंगे, तब तक भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी भी बढ़ते रहेंगे। राहुल गांधी ने कहा, “अब युवा न नौकरी की लूट सहेंगे और न ही वोट की चोरी। देश को बेरोज़गारी और वोट चोरी से मुक्त करना ही असली देशभक्ति है।”

प्रधानमंत्री मोदी के 17 सितंबर को हुए जन्मदिन समारोह पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रहे हैं, लेकिन अपनी छवि चमकाने और भव्य उत्सव मनाने में हमेशा व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा निराशा और हताशा में है, तब प्रधानमंत्री का जश्न उनकी असंवेदनशीलता को दिखाता है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की यह टिप्पणी कांग्रेस की पटना में होने वाली कार्यसमिति बैठक से पहले आई है, जिसमें बेरोज़गारी और चुनावी धांधली जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा होने की संभावना है।

Scroll to Top