NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला दौरे के बाद दिल्ली लौटे राहुल, सोनिया और प्रियंका गांधी

shimla
शिमला में कुछ दिनों के दौरे के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आज सुबह दिल्ली लौट गए। जानकारी के अनुसार, तीनों नेता सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर सड़क मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए, जहां से वे हेलिकॉप्टर के ज़रिए दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी 12 अक्टूबर को ही शिमला पहुंच गई थीं, जबकि राहुल गांधी 14 अक्टूबर को वहां पहुंचे थे। माना जा रहा है कि दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल गांधी आज ही बिहार के लिए रवाना हो सकते हैं।


इस दौरान सोनिया गांधी ने 13 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में सोनिया और प्रियंका गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।


प्रियंका गांधी का शिमला से लगभग 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा में पहाड़ी शैली में बना घर है, जहां तीनों नेता अपने दौरे के दौरान ठहरे थे। प्रियंका गांधी साल में चार से पांच बार यहां आती रहती हैं, जबकि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी समय-समय पर उनके साथ यहां आते रहते हैं।
Scroll to Top