राजीव गांधी कॉलेज में ‘कॉमफिएस्टा–2025’ का भव्य समापन
शिमला । राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय (कोटशेरा), चौड़ा मैदान के वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक उत्सव ‘कॉमफिएस्टा–2025’ का शुक्रवार को रंगारंग समापन हुआ। 20–21 नवंबर तक चले इस उत्सव में विद्यार्थियों ने शैक्षणिक, रचनात्मक और उद्यमशील गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने छात्रों को बदलते वैश्विक व्यावसायिक परिवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था और स्टार्ट-अप संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बारे में प्रेरक विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज का समय नए विचारों, नवाचारों और जोखिम लेने की हिम्मत को अपनाने का है। डॉ. चौहान ने युवाओं से स्टार्ट-अप योजनाओं, इनक्यूबेशन सेंटर्स और कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने का आह्वान किया।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी फैकल्टी, स्टाफ और छात्र आयोजकों का धन्यवाद करते हुए इसे शिक्षा, संस्कृति और मनोरंजन का एक बेहतरीन संगम बताया।
कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. पी.डी. कौशल, शोध एवं विकास प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. राकेश शर्मा, प्रो. विजैता चांगकुम, प्रो. संदीप कुमार, डॉ. शिल्पा चौहान, डॉ. धनिशा नेगी सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में युवा प्रतिभाओं का जलवा
क्विज़ में हर्ष व नविता प्रथम, आयुष व दिग्विजय द्वितीय और आक्रिश, भविष्या, आयान, आदर्श, अरमान तृतीय रहे।
भाषण प्रतियोगिता में कुशल प्रथम, पावनी द्वितीय और अंकुश तृतीय रहे।
पोस्टर मेकिंग में आयुष ने पहला, कार्तिक ने दूसरा और तन्वी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
नारा-लेखन में आरती प्रथम, अंश चौधरी द्वितीय और सोनम तृतीय रही।
रील मेकिंग में वंश सूद प्रथम, अरमान व आदित्य संयुक्त द्वितीय और मयंक तृतीय रहे।
फूड स्टॉल्स बने कार्यक्रम की जान
दूसरे दिन छात्रों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स ने सभी का दिल जीत लिया। छात्रों ने अपनी पाक-कला और उद्यमशीलता कौशल का शानदार परिचय दिया।
समापन सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को यादगार बनाया।