पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा बद्दी में बाइक हादसे में गंभीर रूप से घायल, आईसीयू में भर्ती
बद्दी/28/09/2025
मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा शनिवार को हिमाचल प्रदेश के बद्दी में बाइक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वह शिमला जा रहे थे और बाइक का नियंत्रण खोने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे फिलहाल आईसीयू में हैं। डॉक्टरों ने उनकी हालत पर कोई पुष्टि नहीं की है।
इस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया पर उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उनके कई साथी पंजाबी गायक जैसे कुलविंदर बिल्ला और कंवर ग्रेवाल अस्पताल में मौजूद रहे। राजवीर जवंदा सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं और उनके इंस्टाग्राम पर 24 लाख से अधिक फॉलोवर्स हैं।
राजवीर ने 2014 में अपने संगीत करियर की शुरुआत की और गाने ‘काली जवंदे दी’ से मशहूर हुए। इसके अलावा उन्होंने ‘मिंदो तहसीलदारनी’, ‘सूबेदार जोगिंदर सिंह’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। उनके हिट गानों में ‘जोर’, ‘सोहनी’, ‘रब्ब करके’, ‘तू दिसदा पैंदा’, ‘मोरनी’, ‘धीयां’, ‘खुश रह कर’, ‘जोगिया’ शामिल हैं। संगीत इंडस्ट्री में आने से पहले राजवीर पंजाब पुलिस में भी सेवा दे चुके हैं।
राजवीर वर्तमान में परिवार के साथ मोहाली में रहते हैं। हादसे के बाद उनके फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग उनकी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहे हैं।