राज्यपाल ने मनाली में बाढ़ व भूस्खलन से हुए नुकसान का लिया जायजा, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात
मनाली/03/10/2025
मनाली। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल शुक्रवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर मनाली पहुंचे। उन्होंने अगस्त महीने में भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कुल्लू से मनाली के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया, जहां बाढ़ और नदी के बहाव बदलने से सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है।
राज्यपाल सोलंग गांव भी पहुंचे और यहां ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और दुख-दर्द को सुना। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई आसान नहीं है, लेकिन सरकार और प्रशासन मिलकर पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग को दोनों तरफ से नुकसान हुआ है, इसलिए सड़क को बचाने और दुरुस्त करने के लिए ड्रेसिंग और अन्य तकनीकी उपाय करने होंगे। इस पर प्रदेश सरकार और एनएचएआई अधिकारियों को मिलकर तुरंत ठोस समाधान पर काम करना चाहिए।
राज्यपाल ने बिंदु ढांक, मनालसु नाला, आलू ग्राउंड और चौरिबिहाल जैसे प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा किया। सीमा सड़क संगठन (BRO) और ग्रेफ के अधिकारियों ने उन्हें अब तक किए गए बचाव व पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी दी।
सोलन गांव में आए भूस्खलन पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि गांव को बचाना सबसे बड़ी चुनौती है। कई लोगों की जमीन बह चुकी है और अब उनका पुनर्वास और भी कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में तुरंत ठोस कदम उठाने होंगे।
इस मौके पर राज्यपाल के सचिव सी. पी. वर्मा, कुल्लू के उपायुक्त तोरूल रवीश, पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन सहित BRO और ग्रेफ के अधिकारी मौजूद रहे।