NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राम मंदिर निर्माण पर बड़ा खुलासा: भक्तों से मिला 3000 करोड़ दान, अब तक 1500 करोड़ खर्च,बचा बजट कहाँ जाएगा

अयोध्या/29/10/2025

ayodhya

अयोध्या से राम भक्तों के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश–विदेश के श्रद्धालुओं से अब तक 3000 करोड़ रुपये से अधिक का दान प्राप्त हुआ है। यह राशि ‘निधि समर्पण अभियान’ के दौरान एकत्रित की गई थी, जिसमें लोगों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ योगदान दिया।

ट्रस्ट के अनुसार, अभी तक लगभग 1500 करोड़ रुपये का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और उसकी बिलिंग भी हो गई है। मुख्य मंदिर के साथ-साथ परकोटे के अंदर बने 6 अन्य मंदिरों का निर्माण कार्य भी समाप्त हो चुका है, जिनमें भगवान शिव, गणेश, हनुमान, सूर्यदेव, देवी भगवती और देवी अन्नपूर्णा के मंदिर शामिल हैं। सभी मंदिरों पर ध्वजदंड और कलश स्थापित कर दिए गए हैं।

1800 करोड़ रुपये का कनेक्शन क्या है?

ट्रस्ट अधिकारियों के मुताबिक, अभी परिसर में कुछ और आवश्यक कार्य बाकी हैं, जिनमें अंतिम फिनिशिंग, परिसर सज्जा, सुरक्षा सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं का काम शामिल है। इन सभी को मिलाकर कुल खर्च लगभग 1800 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। यानी दान की गई राशि से मंदिर निर्माण के बाद भी बची राशि भविष्य के विकास व रख-रखाव में उपयोग की जाएगी।

25 नवंबर का ध्वजारोहण समारोह

राम जन्मभूमि परिसर में 25 नवंबर को बड़े पैमाने पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित होने वाला है। ट्रस्ट ने इस कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रण भेजा है। संभावना है कि वे समारोह में शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम के लिए 8,000 से 10,000 खास अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि साल 2022 से दान देने वाले योगदानकर्ताओं को भी इस कार्यक्रम में बुलाने पर विचार किया जा रहा है, ताकि राम मंदिर निर्माण में उनके योगदान का सम्मान हो सके।

दान देने वालों को मिलेगा सम्मान

भवन निर्माण समिति ने बताया कि मंदिर निर्माण में सहयोग करने वाले लोगों, संस्थाओं और कंपनियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान समारोह में उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर आभार व्यक्त किया जाएगा।

राम मंदिर न सिर्फ आस्था का केंद्र बना है, बल्कि दुनिया के सामने दान और एकता की मिसाल भी पेश कर रहा है।

Scroll to Top