NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रामपुर में चिट्टा तस्करी का बड़ा खुलासा, चार आरोपी किन्नौर से गिरफ्तार

शिमला/15/09/2025

chita

शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने रामपुर में सक्रिय चिट्टा तस्करी के एक और नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को किन्नौर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान राजदीप, कृष्ण कुमार, ईवान और हिमांशु निवासी जिला किन्नौर के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

यह मामला 22 अगस्त को तब सामने आया जब पुलिस ने 17 ग्राम चिट्टे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच आगे बढ़ने पर 13 सितंबर को पुलिस ने राजदीप को पकड़ा और फिर 14 सितंबर को तीन और आरोपियों को दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह गिरोह रामपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा सप्लाई कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने कहा कि जिले में मिशन भरोसा के तहत नशा माफिया के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अब तक 199 मामले दर्ज कर 455 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 442 पुरुष और 13 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने कई बड़े अंतरराज्यीय गिरोहों को भी पकड़ा है और पंजाब बॉर्डर से जुड़े सप्लायरों पर भी शिकंजा कसा है।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों में पुलिस ने ऐसा तंत्र तैयार किया है जिससे लंबे समय से सक्रिय गिरोहों को पकड़ने में कामयाबी मिली है। इससे लोगों का भरोसा पुलिस पर बढ़ा है और वे नशा तस्करी से संबंधित अहम जानकारी साझा कर रहे हैं। आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Scroll to Top