रामपुर में ज्वैलरी शॉप चोरी कांड का खुलासा: 1.78 लाख की अंगूठी खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया सोना
शिमला/01/11/2025
शिमला जिला के उपमंडल रामपुर बुशहर में हुई दिनदहाड़े ज्वैलरी शॉप चोरी के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने उस सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने चोरी की सोने की अंगूठी खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.78 लाख रुपए कीमत की सोने की अंगूठी बरामद कर ली है।
घटना 27 अक्तूबर की है, जब रामपुर के महावीर मोहल्ला स्थित संजय ज्वैलर्स की दुकान में एक व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा। मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी दिनेश कुमार नामक शातिर चोर ने 12.5 ग्राम सोने की अंगूठी चोरी कर ली और वहां से फरार हो गया। जब दुकानदार को चोरी का पता चला, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और मात्र 48 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी दिनेश कुमार एक आदतन अपराधी है, जो पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और लगभग 7 साल की सजा काट चुका है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी की गई अंगूठी को लुहरी में स्थित एक ज्वैलरी की दुकान में बेच दिया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने लुहरी क्षेत्र में दबिश दी और उस सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया जिसने चोरी का सामान खरीदा था।
पुलिस टीम ने मौके से चोरी की सोने की अंगूठी भी बरामद कर ली है।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी करने वाला अपराधी ही नहीं, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाला व्यक्ति भी उतना ही दोषी माना जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द ही मामले की चार्जशीट अदालत में पेश की जाएगी।
डीएसपी शर्मा ने यह भी चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया या अपराधियों का साथ देता मिला, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
रामपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की सतर्कता की सराहना की है।