रामपुर के तकलेच स्कूल की दो नाबालिग लड़कियां लापता, पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया
रामपुर। रामपुर उपमंडल के तहत आने वाले तकलेच क्षेत्र में एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राएं रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं।
मंगलवार सुबह दोनों लड़कियां अपने घरों से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन स्कूल तक नहीं पहुंचीं। जब वे शाम तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता सताने लगी और उन्होंने अपने स्तर पर उन्हें ढूंढने का प्रयास शुरू किया।
शुरुआत में परिजनों को लगा कि सिर्फ उनकी ही बेटी लापता हुई है, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि दूसरी लड़की भी गायब है और दोनों को आखिरी बार एक साथ देखा गया था। इससे यह स्पष्ट हुआ कि दोनों लड़कियां एक साथ कहीं चली गई हैं।
बुधवार को भी परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों लड़कियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और खोज अभियान शुरू कर दिया गया है।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि “घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी गई है।”
फिलहाल दोनों लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को दोनों लड़कियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।