NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल के डॉ. रश्मीश सिंह सपेइया को जयपुर में मिला उत्कृष्ट शोध का सम्मान

himachal

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती के अवसर पर धानक्या, जयपुर में आयोजित भव्य समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से पीएच.डी. पूर्ण करने वाले और वर्तमान में एसजेवीएन में वरिष्ठ प्रबंधक के रूप में सेवाएं दे रहे डॉ. रश्मीश सिंह सपेइया को उनके शोध कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

डॉ. सपेइया का पीएच.डी. शोध विषय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा समाजवाद के मॉडल का विश्लेषण और उनके वैकल्पिक मॉडल” रहा, जिसे समाजवादी विचारधारा और वैकल्पिक सामाजिक-आर्थिक मॉडल की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान माना गया है।

कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख श्री अरुण जैन ने डॉ. सपेइया को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक श्री गोपाल शर्मा, एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लि. जोधपुर के निदेशक श्री विजेंद्र सिंह, समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल छीपा तथा सचिव प्रतापभानु सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।

समारोह पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक स्थल, धानक्या रेलवे स्टेशन, जयपुर – जो स्वयं महामना दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मभूमि है – पर संपन्न हुआ।

डॉ. सपेइया के शोध को न केवल दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और दर्शन की गहराई से समझ बढ़ाने वाला माना गया है, बल्कि इसे भविष्य के वैकल्पिक सामाजिक-आर्थिक मॉडल की दिशा दिखाने वाला भी करार दिया गया है।

Scroll to Top