NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

वर्ल्ड कप हीरो बनीं रेणुका ठाकुर: हिमाचल की बेटी को सुक्खू सरकार देगी 1 करोड़ का पुरस्कार

शिमला/03/11/2025

cm aa

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर है। इस ऐतिहासिक जीत में हिमाचल प्रदेश की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर का दमदार प्रदर्शन भी शामिल रहा। उनकी उपलब्धि को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रेणुका को 1 करोड़ रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। सीएम ने स्वयं रेणुका को फोन कर बधाई दी और हिमाचल का नाम रोशन करने पर गर्व जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियों ने दुनिया में देश और प्रदेश का नाम ऊँचा किया है। उन्होंने कहा कि रेणुका ठाकुर जैसी बेटियां युवाओं के लिए प्रेरणा हैं— “रेणुका ने वह कर दिखाया जो हर पहाड़ की बेटी सपना देखती है। पूरी वर्ल्ड कप विजेता टीम को बधाई और हिमाचल की इस बेटी पर हमें गर्व है।” सीएम ने यह भी बताया कि उन्होंने पहली बार पूरा महिला क्रिकेट मैच देखा और रेणुका के प्रदर्शन पर बेहद खुश हैं।

रेणुका की इस सफलता के बाद शिमला जिले के रोहड़ू के पारसा गांव में जश्न का माहौल है। परिवार ने गांव में भोज का आयोजन किया है और देवी-देवताओं का धन्यवाद किया है। उनकी मां ने टीम की जीत के लिए मन्नत मांगी थी, जिसे जीत के बाद पूरा किया गया। मैच से पहले और जीत के बाद रेणुका ने फोन पर अपने भाई से भी बात की।

रेणुका का सफर संघर्ष और मेहनत भरा रहा है। पिता का निधन तब हो गया था जब वह सिर्फ तीन साल की थीं। गांव के छोटे से मैदान से शुरू हुई उनकी क्रिकेट यात्रा आज वर्ल्ड कप की चमक तक पहुंच गई है। भारतीय टीम में वह तेज गेंदबाज की भूमिका निभाती हैं। इससे पहले भी हिमाचल की सुषमा वर्मा टीम इंडिया का हिस्सा रह चुकी हैं, और अब रेणुका ने राज्य का गौरव और बढ़ाया है।

रेणुका ठाकुर ने साबित किया है कि जुनून और मेहनत से पहाड़ की बेटियाँ भी विश्व की चोटी तक पहुंच सकती हैं।

Scroll to Top