NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रोहड़ू में ठगी का बड़ा मामला — 23 ट्रक सेब का भुगतान न देकर आढ़ती ने दी जान से मारने की धमकी

शिमला/01/11/2025

apple

शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक बागबान ने आरोप लगाया है कि उसने अपने बाग से भेजे गए 23 ट्रक सेबों का भुगतान मांगने पर न सिर्फ रकम देने से इनकार किया गया, बल्कि जान से मारने की धमकी तक मिली।

पीड़ित बागबान विपिन चौहान, निवासी भलून (डाकघर सुंगरी, तहसील रोहड़ू), ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि सेब सीजन वर्ष 2023-24 के दौरान उन्होंने अपने सेबों के कुल 23 ट्रक बॉक्स एक आढ़ती के पास भेजे थे। यह माल उन्होंने मां चंडी फ्रूट स्टोर, डिग्गा के मालिक संजेव साहू को सप्लाई किया था। इन सेबों की कुल कीमत करीब 45 लाख रुपये थी।

विपिन चौहान के अनुसार, जब उन्होंने तय राशि का भुगतान माँगा, तो आढ़ती ने न केवल भुगतान करने से इनकार कर दिया, बल्कि उन्हें धमकाते हुए जान से मारने की बात कही। इस धमकी और धोखाधड़ी से परेशान होकर बागबान ने मामला पुलिस में दर्ज करवाया।

शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) और धारा 506 (धमकी) के तहत FIR दर्ज कर दी है। एएसपी शिमला नवदीप सिंह ने पुष्टि की कि मामला रोहड़ू थाने में दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच करेगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला उन बागवानों के लिए भी चेतावनी है जो व्यापार में माल की सप्लाई बिना लिखित गारंटी या सुरक्षित भुगतान व्यवस्था के करते हैं।

Scroll to Top