NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रोहड़ू जुणीधार में भीषण आग, तीन मंजिला मकान राख ,परिवार बेघर

shimla
शिमला | रोहड़ू उपमंडल के करालश पंचायत के थमटाडी स्थित जुणीधार में रविवार सुबह बड़ा अग्निकांड हुआ, जिसमें मेहर सिंह नेगी का तीन मंजिला लकड़ी का मकान देखते ही देखते राख के ढेर में बदल गया। सुबह करीब 6 बजे अचानक उठीं आग की लपटों ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और घर के तीन कमरे, घरेलू सामान, अनाज और कीमती वस्तुएँ पूरी तरह जल गईं। हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिवार को लाखों रुपये की संपत्ति का भारी नुकसान झेलना पड़ा।

स्थानीय लोग आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच रोहड़ू अग्निशमन केंद्र से दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के घरों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक मोहनलाल ब्राक्टा ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। वहीं, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि प्रशासन ने राहत मैनुअल के तहत तुरंत 10,000 रुपये नकद, तिरपाल, आवश्यक बर्तन और ज़रूरी सामग्री उपलब्ध करवा दी है। राजस्व विभाग नुकसान के विस्तृत आकलन में जुटा हुआ है।
Scroll to Top