रोहतांग पास और लेह–मनाली हाईवे 20 नवंबर से बंद — छह महीने तक नहीं होगी आवाजाही, प्रशासन ने जारी की सख़्त एडवाइजरी
मनाली/18/11/2025
मनाली। हिमाचल प्रदेश में सर्दियों ने दस्तक दे दी है और ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान तेजी से गिरने लगा है। बर्फ जमने और सड़कों पर फिसलन बढ़ने के चलते प्रशासन ने रोहतांग पास और लेह–मनाली हाईवे को इस सीजन के लिए बंद करने की तिथि जारी कर दी है। लाहौल–स्पीति पुलिस और बीआरओ की जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2025 से मनाली–सरचू मार्ग आम वाहनों के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद यह हाईवे अब अगले छह महीने तक नहीं खुलेगा।
हाईवे बंद होने से पहले लेह और लद्दाख क्षेत्र से हिमाचल या अन्य राज्यों में लौटने वाले यात्रियों के पास केवल तीन दिनों का समय बचा है। एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि रोहतांग पास की तरफ गुलाबा और मढ़ी से आगे किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह जिंगजिंग बार से सरचू तक का इलाका भारी हिमपात, शून्य से नीचे तापमान और अत्यधिक फिसलन के कारण बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है, इसलिए यहां भी हर प्रकार की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है।
लाहौल–स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने भी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करते हुए आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। आदेशों के अनुसार, हाईवे बंदी का उल्लंघन करने पर एक वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। पुलिस ने ड्राइवरों व ट्रांसपोर्टर्स से अपील की है कि वे बिना बीआरओ की ताज़ा सलाह के मढ़ी, गुलाबा या जिंगजिंग बार की ओर न बढ़ें, क्योंकि अचानक बर्फ जमने से वाहन फंसने की पूरी आशंका रहती है।
हर साल की तरह इस बार भी सर्दियों में लेह–मनाली हाईवे बंद किया जा रहा है, लेकिन मौसम की अनिश्चितता के चलते इस बार मार्ग पर जल्दी बर्फ जमने लगी है। आमतौर पर अक्टूबर के अंत तक हाईवे बंद हो जाता है, लेकिन इस बार बीच में मौसम साफ होने से मार्ग कुछ दिन और खुला रहा। फिलहाल तापमान लगातार गिर रहा है और सड़क पर बर्फ की परत जमनी शुरू हो गई है, जिसके बाद प्रशासन ने इसे अगले छह महीनों के लिए बंद करने का फैसला लिया है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बढ़ती ठंड के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने भी 23 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है, लेकिन इसके बाद ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रशासनिक आदेशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।