NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रूस की 'जिरकोन' मिसाइल से दुनिया में हलचल, आवाज़ से 9 गुना तेज़ हमला सफल

BELARUS-RUSSIA-DRILLS

रूस ने अपनी सैन्य शक्ति का एक बार फिर दुनिया को अहसास कराया है। हाल ही में हुए सैन्य अभ्यास के दौरान रूस ने अपनी अत्याधुनिक हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल 'जिरकोन' (Tsirkon) का सफल परीक्षण किया, जिसकी रफ्तार आवाज़ की गति से नौ गुना अधिक बताई जा रही है। यह मिसाइल इतनी तेज है कि इसे रोकना लगभग असंभव माना जा रहा है।

सैन्य अभ्यास में दिखी घातक मारक क्षमता


रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह परीक्षण उत्तरी बेड़े के युद्धपोत एडमिरल गोर्शकोव द्वारा बैरेंट्स सागर में किया गया। परीक्षण के दौरान ज़िरकोन मिसाइल को लंबवत प्रक्षेपित किया गया और यह तेजी से क्षितिज की ओर बढ़ती दिखाई दी। रियल टाइम डेटा के अनुसार, मिसाइल ने अपने लक्ष्य को सीधा और सटीक ढंग से नष्ट कर दिया।

जमीनी ठिकानों पर Su-34 विमानों ने किया बमबारी अभ्यास


इस अभ्यास में लंबी दूरी की पनडुब्बी रोधी विमानों के साथ-साथ Su-34 लड़ाकू बमवर्षक भी शामिल रहे। इन विमानों ने ज़मीनी ठिकानों पर बमबारी का अभ्यास किया, जिससे समन्वित युद्ध कौशल का प्रदर्शन हुआ।


'जापाड-2025' रणनीतिक अभ्यास का हिस्सा

यह परीक्षण 'जापाड-2025' नामक रूस-बेलारूस संयुक्त रणनीतिक अभ्यास का हिस्सा था, जो 12 सितंबर से शुरू हुआ। इसका उद्देश्य युद्ध की स्थिति में सैन्य समन्वय को बेहतर बनाना है। मॉस्को ने साफ किया है कि इसका मकसद किसी नाटो देश पर हमला करना नहीं है।

अमेरिकी गठबंधन की प्रतिक्रिया

हालांकि, अमेरिकी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने 9-10 सितंबर को पोलैंड में 'ईस्टर्न सेंटीनेल' ऑपरेशन की घोषणा की थी, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

जिरकोन: एक तकनीकी चमत्कार


रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही इस मिसाइल की क्षमता का बखान कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि यह मिसाइल 9 मैक की रफ्तार से उड़ने में सक्षम है और यह समुद्र व ज़मीन दोनों पर 600 मील से अधिक की दूरी तक लक्ष्य भेद सकती है। इसकी मारक क्षमता 400 से 1000 किलोमीटर तक है और यह लगभग 300-400 किलोग्राम वजनी वारहेड ले जा सकती है।

Scroll to Top